Monday, 19 February 2024

वक़्त

 वो मेरा है

उसने कहा

बार बार

कई बार

कभी गीत गज़ल

कभी गुलाब लिए

कभी अलंकरण कभी

प्रेम की किताब लिए

मेरी ज़ुल्फ़ों को घटा

चेहरे को कमल कहता

मैं जो हँस दूं

बहारों को मुकम्मल कहता

प्रेम की बारिशों में

बूँद बूँद बरसा है

मेरी ख्वाहिश में

हर दिन हर लम्हा

तरसा है।


आज जबकि मै

उसकी हूँ वो मेरा है

जाने क्यों खाली है इमारत

और अँधेरा है

शामिल है,हासिल है

पर वो एहसास नही है

वो है उसका “वक़्त”

मेरे पास नही है।


-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'


आ जाओ मेरी पनाह में

 कुछ अनजानी तस्वीरों में

हम खुद को ढूँढा करते हैं

जो कुछ खाली सा दिखता है

वो तुमसे पूरा करते हैं।

पाने की चाहत होगी

फिर खो देने का डर होगा

मै ही तुम हो यह समझा दो

न मंजिल होगी न सफ़र होगा ।


दरवाजे को दस्तक की

चौखट पर कल रोता पाया

रूठे लम्हों की सर्द हवाओं

तुमने कितना तड़पाया ।


जब से तुमसे दूरी रख ली

हंसने की मजबूरी रख ली

सब कुछ तेरा लौटाया बस

ग़म एक चीज जरूरी रख ली।

अफ़सोस करो इल्ज़ाम न दो

तुम भी शामिल इस गुनाह में

मुझको पनाह दे दो या फिर

आ जाओ मेरी पनाह में।


-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

प्रतिबंध

 क्या हँसना क्या गाना मन का सब बातें बेमानी है

आंखो मे आँसू है नए और दिल मे आह पुरानी है

आज बड़ी खामोशी से मै बात वही फिर कहता हूँ

तुम चाहो या न चाहो हमको तो प्रीत निभानी है ।


किसकी खातिर तुमने यह सुंदर संसार बनाया है

निज मन का मरुथल भूले और घर आँगन महकाया है

आज तुम्हारा चरणामृत ले जब यह सुमन महकने को है

क्यों इसके संकल्पों पर तुमने प्रतिबंध लगाया है ।


जिसको दुनिया ग़म है कहती हम उसके दीवाने हैं

आँसू की हर बूंद मे डूबे दिल के कई तराने हैं

क्या चांद सितारों की हसरत क्या बातें दौलत शोहरत की

तेरे ग़म की धूप के आगे सब बेमोल फसाने हैं ।


मर्यादा की खींच लकीरें जग ने की मनमानी है

जिन आंखो मे तुम थे अब उन आँखों मे पानी है

फिरते थे जो मस्त मगन देखो कैसे सहमे से हैं

दुनियावालों की जिद है और मुश्किल मे ज़िंदगानी है।


-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'


मैने भी मोहब्बत की थी कभी

 अफसानों में था मै,

और मुझमे सारा अफ़साना था;

मैंने भी मोहब्बत की थी कभी,

मै भी तो कभी दीवाना था।


अरमानों के नन्हे नन्हे,

क़दमों की आहट सुनता था;

और फिर चुपके से धीरे से,

सपनों के धागे बुनता था।

इंद्रधनुष सी रंग बिरंगी,

चादर में लिपटी रातें थी;

और उन रातों में सिमटा,

दिल का नाजुक आशियाना था।


ना पायल की छमछम थी,

ना गीतों की माला थी;

ना चपल चंचला यौवन की,

ना वो कोई मधुबाला थी।

मेरे नैनों में छिपकर जो,

मुझसे ही नैन चुराती थी;

नित सपनों की पगडण्डी पर,

बस उसका आना जाना था।


कभी घंटो भीगे बारिश में,

कभी दिन भर धूप में खड़े रहे;

कभी पग डग मग होने तक,

चलते रहने पर अड़े रहे।

फूल किताबों में कितने,

अरमां कितने सुबके दिल में;

कितने मधुमय सी रातों में,

जागे और सोये पड़े रहे।

नित लाख जतन से नैनों को,

बस एक झलक ही पाना था।


है विचित्र अनुबंध प्रेम का,

मन जिसमे था भरमाया;

न उसने कभी कहा कुछ,

न मै उससे कुछ कह पाया।

मेरा जो कुछ था मुझमे,

और जो कुछ भी था रह पाया;

जो कहती एक बार अगर तो,

सब उसका हो जाना था।


आज कहां वो मै ना जानू,

और कहां मै वो ना जाने;

किसी मोड़ पर भेंट हुई यदि,

हो सकता है न पहचाने।

पर जिस प्रेम की अंजलि ले,

मै नित्य स्नेह रस बाँट रहा;

वो भी उसकी धुन में,

रचती होगी कितने अफ़साने।

वो भी क्या दिन थे जिनको,

आखिर गीतों में ढल जाना था।

मैंने भी मोहब्बत की थी कभी,

मै भी तो कभी दीवाना था।


        -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

एकाकीपन

 वो शहर के नुक्कड़ का बड़ा मकान

और उसका छोटा सा कमरा,

स्मृतियों के पार कहीं भूला कहीं बिसरा।

असफलताओं से निराश,

मुझे देख उदास,

मुझसे लिपट गया और बोला,

चल मेरी सूनी पड़ी दीवारों को फिर सजाते हैं,

और कुछ नए स्लोगन आदि यहाँ चिपकाते हैं।

भूल गया कैसे अपने हर इम्तिहान से पहले

तू अपना हौसला बढ़ाता था,

और नए टाइम टेबल,प्रेरक पंक्तियों

और छाया चित्रों से मुझको सजाता था।

मै घंटो कौतूहल वश तेरे संग इस आनंद में खोया रहता,

और वह मोहक दृश्य अपनी आँखों में कैद कर लेता

जब अध्ययनरत थक कर तू सोया रहता।

वो वक़्त बेवक्त तेरे मित्रों का आना, हंसना हँसाना,

वाद विवाद और फिर विचारों की गहराइयों में डूब जाना

नित्य नई उमंग नया उत्साह जगाता

और वह जिसे गम कहते हैं कहीं दूर तक नज़र नही आता।

कुछ याद है जब उस पवित्र प्रेम की आहट ने तेरा मन छुआ था,

तो उसका एहसास तुझसे पहले मुझे हुआ था,

और वह तस्वीर जो तूने, 

मेरी दीवार पर लगाकर कभी फाड़ दी थी

तू रोया था और ये दीवारें भी तेरा साथ दी थी।

तेरे स्वभाव,समझ और ख़याल से वाकिफ़ था मै,

जिससे तू अनभिज्ञ उसमे भी शामिल था मै।

मेरा जो यह एक कमरे का स्वरूप है

कुछ और नही है तेरे खालीपन का अभिरूप है।

आज जीवन की आपा धापी में 

न जाने किस किस का बोझ उठाये

तू स्वंय से परे जा रहा है,

और अनायास ही नित्य नए संघर्ष को आमंत्रण दिए जा रहा है।

स्वंय से यह विरह तेरी असफलताओं का कारण है

गौर से देख तू स्वंय प्रत्यक्ष इसका उदाहरण है।

तो फिर क्यों न मै और तुम साथ बैठ,

पहले की तरह सफलताओं असफलताओं का विश्लेषण करते हैं।

और सब कुछ दरकिनार रख तुझसे मिलते हैं।

तू वह जिसे तू जानता है

या मै जानता हूँ

और मै वही तेरे खालीपन का अभिरूप,

स्मृतियों के पार कहीं भूला कहीं बिसरा

शहर के नुक्कड़ का बड़ा मकान और उसका छोटा सा कमरा।


……..देवेन्द्र प्रताप वर्मा”विनीत”

झूमते हुए चली,अपनी मित्र मंडली

प्रयाग से सारनाथ

हर कदम पे

साथ साथ

झूमते हुए चली

अपनी मित्र मंडली

भक्ति की बयार मे

हंसी खुशी के सार मे

मौज की फुहार मे

दोस्ती मे प्यार मे

हर्ष से भरी हुई

डगर डगर

गली गली

झूमते हुए चली

अपनी मित्र मंडली

किसने किया ये प्रचार

कौन था सूत्र धार

किस हृदय की आस थी

कैसे हुई ये साकार

विवेक मे,विचार मे

जहां जहां शमा जली

झूमते हुए चली

अपनी मित्र मंडली

यात्रा का प्रथम पड़ाव

शांति का सुंदर लिखाव

ज्ञान का प्रमान है ये

कौन सा स्थान है ये

पवित्र सत्कर्म की

महान जैन धर्म की

परम पूज्य तपस्थली

झूमते हुए चली

अपनी मित्र मंडली

अद्भुत अलौकिक मनोहर

मानव निर्मित

सुंदर शिखर

जीवन के

नैतिक मूल्यों की

कल कल बहती

सरिता निर्झर

ऋषभदेव के

चरणों मे

अर्पण करके

पुष्पांजलि

झूमते हुए चली

अपनी मित्र मंडली

सुंदर सरल

सत्य अविनाशी

शिव की महिमा

गाती काशी

जीवन में दुख,

दुख में जीवन

हे शिव करना

कृपा जरा सी

हम सब तेरे

सम्मुख आये

ज्ञान पुंज के

दीप जलाए

दया हृदय में

करुणा भर दे

आत्म बोध का

अनुपम वर दे

सारनाथ से

हृदयों में

लेकर अभिनव

गीतांजलि

झूमते हुए चली

अपनी मित्र मंडली।


स्मरण:- कॉलेज के दिनों में मित्रो/सहपाठियों के साथ प्रयाग से सारनाथ (बनारस) तक की यात्रा,जैन मंदिर धाम “तपस्थली”

होते हुए बेहद सुखद और आनंददायी रही। मित्रों संग अपनी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का अवलोकन निश्चय ही सौभाग्य से मिलता है ।

देवेंद्र प्रताप वर्मा”विनीत”

बीटेक के चार वर्ष

किसी नयी मंजिल की ओर

पहला कदम रखते हुए,

बीटेक की आखिरी सीढ़ियों से

उतरते हुए…

दिल के किसी कोने मे

सपनों के बिछोने मे,

बीते हुए पलों का मधुर संगीत,

किसी पुराने बरगद की

शीतल छाँव की भांति,

अपने साये मे कुछ देर और

ठहर जाने का निवेदन कर रहा है।

और इस निवेदन के प्रकाश मे चमकते,

पिछले चार वर्ष बड़े गर्व से

मेरे जीवन मे अपने वर्चस्व की

व्याख्या कर रहे हैं।।

रिमझिम बरसात है

अभी कल ही की तो बात है।

अपने बस स्टॉप पे खड़े हम लोग,

कॉलेज बस का इंतजार कर रहे हैं;

और रैगिंग पर उठने वाले वाद-विवाद से

रोमांचित हो रहे हैं।

वहीं हुमसे कुछ दूर खड़ा

जाने किस बात पर अड़ा,

सीनियर्स का एक समूह

रह-रह कर चिल्ला रहा है;

और रैगिंग की विभिन्न योजनाए

बना रहा है।

अद्भुत मुलाक़ात है

अभी कल ही की तो बात है।

कॉलेज बस के अंदर

हम लोग जैसे बंदर,

सीनियर्स रूपी मदारी के हाथों की

कठपुतली की भांति कूद रहे हैं;

और जाने अनजाने एक दूसरे

के कानो मे अपनी-अपनी प्रतिभा

के मंत्र फूँक रहे हैं।

वो देखो ”हिमांशु” मूँगफली बेच रहा है,

और “मेहदी” गाने गा के सबका

ध्यान खीच रहा है;

परिचय दे देकर “राजकुमार” बेहाल है

सबसे जुदा मगर “कृष्णा” की चाल है ।

चंचल प्रभात है

अभी कल ही की तो बात है।

कॉलेज बस मे गूँजते नारे,

नैनी ब्रिज पर गंगा मैया के जयकारे,

बाहर खड़े लोगों का

ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं;

और उल्लास की आभा मे दमकते चेहरे

अपने आनंद की कहानी कह रहे हैं।

“अनंत जी का जोश

नया गुल खिला रहा है,

सारे चुप हो जाओ

देखो “बाँके लाल” आ रहा है।

क्या अजीब इत्तेफाक़ है

अभी कल ही की तो बात है ।

“वैभव शर्मा” अपने मोटापे से परेशान है,

कहता है योग करो तो

सब मुश्किल आसान है।

“अर्चना” और “पूजा” का

गोल-गप्पे खाने का प्लान है,

पर उन्हे शायद पता नहीं

आज बंद दुकान है ।

मौज मस्ती की सौगात है

अभी कल ही की तो बात है।

किसी क्लास मे कोई टिफिन खुला है

पर ये क्या ! टिफिन जिसका है

उसे खाने को कुछ भी नहीं मिला है।

इधर “अपूर्व” के चुटकुलों का

एक दौर चला है

लगता है अपना पूरा कॉलेज ही चुटकुला है।

“स्वप्निल सर” कह रहे

कि “धीरज” होशियार है,

सब उसकी बात मानो

वो क्लास का सी-आर है।

अब “धीरज” कहेगा,

तभी क्लास मे आएंगे

नहीं तो सारे लोग बँक पे जाएगे।

फ्री पीरियड है

चलो लाइब्रेरी बुला रही है

“अपूर्व”की टोली वहाँ भी

महफिल सजा रही है।

“शुचिता” “रहमान” के

किस्से सुना रही है,

और आलसी अनिल को

नींद आ रही है ।

“उपाध्याय” अपने ज्ञान कुंज से

ज्ञान के कुछ पुष्प लाया है,

और हमारी नीरस निरर्थक वार्ता को

सरस सार्थक बनाया है ।

उधर “हिमांशु” और “दीपिका” मे

हो रही लड़ाई,

“अर्चना” ने “धीरज” को पकड़ा

तो उसकी शामत आयी।

जाने किस विचार मे

डूबें हैं “पवन भाई”,

आलू खा कर “इंस्पेक्टर” ने है

खूब धूम मचाई।

Exams आ गए है

अभी तक की नहीं पढ़ाई,

पर सेमेस्टर exams की

परवाह किसको है भाई!

हम तो चले चाचा की

गुमटी के तले,

जिनको है परवाह

वो हमारे हिस्से का भी पढ़े।

हम तो exams से एक दिन पहले

किताब खरीदने जाएगे

मिल गयी तो ठीक है

नहीं तो तक़दीर आजमाएगे ।

महके हुए जज़्बात हैं

अभी कल ही कि तो बात है ………

“वैभव” ”सुमित” और “तृप्ति” अपने

रिश्ते को एक नया नाम दे रहे हैं,

और अपनी दोस्ती को

एक नया आयाम दे रहे है।

निधि ने अपनी क्लास मे

एक मंच सजाया है

जहां सब ने सब की खातिर

कोई गीत गुनगुनाया है।

ये गीत ही कल प्रीत की

प्रभा मे काम आएंगे।

और रूठे हुए अपने

मनमीत को मनाएगे।

और और रूठे हुए अपने

मनमीत को मनाएगे।।

———देवेंद्र प्रताप वर्मा”विनीत”

स्मृतियाँ-यह कविता कॉलेज के आखिरी दिन की भावनाओं से प्रेरित है जब हम मित्रगण एक साथ कॉलेज मे चार साल गुजारे पलों को याद करते एक दूसरे से विदा ले रहे थे ।